note... अनूप ओझा sir
...रेवड़ी, गजक और नानखताई ने विदेशी मेहमानों को लुभाया, हस्तशिल्प को मिले लाखों के ऑर्डर
...50 से अधिक कारोबारी ले रहे हिस्सा, 200 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबारी अवसर की उम्मीद
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में मेरठ के उत्पाद विदेशी खरीदारों का ध्यान खींच रहे हैं। खेल उत्पादों और हस्तशिल्प के साथ मेरठ के पारंपरिक खानपान की भी धूम है। मेवा युक्त रेवड़ी गजक और देसी घी से बनी नानखताई का स्वाद विदेशी मेहमानों को खूब पसंद आ रहा है। स्वाद चखने के बाद कई खरीदारों ने पारंपरिक उत्पादों की सराहना की।
चैंबर फॉर डेवलपमेंट एंड प्रमोशन ऑफ एमएसएमई के सचिव आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि ट्रेड शो मेरठ के उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का बड़ा अवसर साबित हो रहा है। मेरठ के हैंडीक्राफ्ट और डेकोरेटिव उत्पादों को विदेशी खरीदारों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कारोबारी भव्य जैन को लाखों रुपये के ऑर्डर मिले हैं। स्पोर्ट्स गुड्स की मांग से भी कारोबारी उत्साहित हैं। मेरठ के करीब 50 कारोबारी ट्रेड शो में हिस्सा ले रहे हैं। यूके समेत कई देशों के खरीदारों के साथ निर्यात करार अंतिम चरण में हैं। कारोबारियों के अनुसार 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार पक्का होने की उम्मीद है, जबकि 29 सितंबर को अंतिम दिन तक 200 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबारी अवसर बनने की उम्मीद है।
ट्रेड शो में मेरठ की भागीदारी को पारंपरिक व्यंजनों के साथ आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा गया है। बिरला एयरकॉन को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) पैवेलियन में पार्टनर के रूप में शामिल किया गया है। कंपनी के पार्टनर प्रवीण कुमार जैन के अनुसार प्रस्तावित 48 वर्ग मीटर क्षेत्र में 24 वर्ग मीटर में कंपनी की कोल्ड चेन सॉल्यूशंस और मशीनरी का प्रदर्शन होगा। जबकि शेष 24 वर्ग मीटर में ओडीओसी के उद्यमियों की जरूरत के अनुसार कॉम्प्लीमेंटरी कोल्ड चेन सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग दिया जाएगा। इससे प्रदेश के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।