टाउन हॉल से जुड़ा टीपी नगर बिजलीघर
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने टीपी नगर क्षेत्र के करीब बीस हजार बिजली उपभोक्ताओं को तोहफा दिया है। इस बिजलीघर को आइसोलेटर के माध्यम से टाउन हाल बिजलीघर से जोड़ दिया गया है। फाल्ट होने की दशा में भी उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। बुधवार को आइसोलेटर लगाने के दौरान दोनों बिजलीघर क्षेत्र में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बुधवार को 33 केवी टीपी नगर बिजलीघर की 33 केवी लाइन को टाउन हॉल बिजलीघर की 33 केवी लाइन से आईसोलेटर लगाकर जोड़ा गया। अब टीपी नगर बिजलीघर के पास एक नई वैकल्पिक लाइन हो गई है। बिजलीघर या लाइन पर बड़ा फाल्ट होने की दशा में क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी। आपात स्थिति में इस बिजलीघर को टाउन हाल की लाइन से बिजली आपूर्ति कर दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता मनोज अग्रवाल ने बताया कि दोनों बिजलीघरों की लाइन को जोड़ने के लिए दोपहर 12 से शाम चार बजे तक के लिए शटडाउन लिया गया। इसके बाद एक्सपर्ट ने काम शुरू किया जो करीब शाम सवा चार बजे तक चला। टीपी नगर, बागपत गेट, देवपुरी, शिवलोक, कालंदी, साबुन गोदाम, चंद्रलोक, दिल्ली रोड क्षेत्र को चार घंटे से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी।