बता दें कि पूरे भारत की नजरें आज इंटरनेशनल एथलीट प्रियंका गोस्वामी पर टिकी थीं। उत्तर प्रदेश से ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों में प्रियंका आखिरी खिलाड़ी रहीं। प्रियंका गोस्वामी ने आज ओलंपिक के 20 किलोमीटर पैदल चाल मुकाबले में हिस्सा लिया। वह 10 किलोमीटर रेस में टॉप 10 में बनी हुई थी लेकिन, आखिरी में वे 17वें नंबर पर रहीं।
माधवपुरम निवासी मेरठ की बेटी और इंटरनेशनल एथलीट प्रियंका गोस्वामी से आज टोक्यो ओलंपिक में पदक की पूरी उम्मीद थी। प्रियंका ने रांची में 20 किलोमीटर की वॉक 1:28:45 घंटे में पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया था। साथ ही ओलंपिक के लिए चुनी गईं। पिछले साल राजस्थान की एथलीट भावना जाट ने 20 किलोमीटर की पैदल चाल 1:29:54 घंटे में पूरी की थी। प्रियंका ने भावना जाट के रिकॉर्ड को ब्रेक किया था।
बता दें कि प्रियंका गोस्वामी के घर पर पूजा अर्चना के साथ लाइव प्रसारण देखा गया। पिता मदनपाल गोस्वामी ने बताया कि प्रियंका और हम सभी लड्डू गोपाल के भक्त हैं, खेलों के दौरान वो अपने साथ लड्डू गोपाल की मूर्ति साथ रखती हैं। ओलंपिक क्वालीफाई करने के बाद प्रियंका की लड्डू गोपाल के साथ फोटो खूब वायरल भी हुई थी।