मेरठ। सीसीएसयू में स्नातक में एडमिशन की दूसरी मेरिट सोमवार को जारी होगी। कल से इस मेरिट के एडमिशन लिए जा सकते हैं। अभी तक एक लाख 30 हजार रजिस्ट्रेशन करने वाले छात्र-छात्राओं में से सिर्फ 52 हजार ने ही एडमिशन लिए हैं। सरकारी कॉलेजों में अभी भी 60 फीसदी सीटें खाली हैं। ऐसे में सरकारी कॉलेजों में एडमिशन का खूब मौका है।
सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में स्नातक की दो लाख के करीब सीटें हैं। इनमें सिर्फ एक लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन किया है। सेल्फ फाइनेंस के कॉलेजों में 70 हजार सीटों पर आवेदन नहीं हुए हैं। इसके अलावा जिन छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन किए भी हैं, वे भी सभी एडमिशन नहीं ले रहे हैं। ऐसे में और ज्यादा सीटें खाली रह सकती हैं।
सरकारी कॉलेजों में पहली मेरिट के एडमिशन खत्म होने के बाद भी 60 फीसदी के सीटें खाली हैं। ऐसे में जिन छात्रों को पहली मेरिट में उनकी वरीयता में पहले नंबर के कॉलेज नहीं मिले हैं, वे दूसरी मेरिट में आवंटित हो सकते हैं। दोपहर बाद विवि मेरिट जारी करेगा। इसकी जानकारी छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर पर भी दी जाएगी। छात्र-छात्राएं कॉलेज आवंटित होने पर अपनी लॉगइन आईडी से कॉलेज का ऑफर लेटर डाउनलोड कर लें। इसके अलावा फॉर्म का प्रिंट आउट ले लें। इन दोनों के साथ ही हाईस्कूल की मार्कशीट, सनद, इंटरमीडिएट की मार्कशीट, आधार कार्ड, वेटेज प्रमाण पत्र, दो फोटो समेत बाकी अन्य कागजात लेकर मंगलवार से एडमिशन ले सकते हैं। बहुत से कॉलेजों में यह प्रक्रिया ऑनलाइन ही होगी। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सभी कॉलेज अपनी वेबसाइट पर शाम को मेरिट अपलोड कर देंगे।