17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी : सेमीफाइनल में मेरठ रेड ने मुरादाबाद और गाजियाबाद ने लखनऊ को हराया
मैदान की खराबी के कारण मैच में हुई देरी
10-10 ओवर के खेले गए दोनों सेमीफाइनल मैच
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गांधी बाग क्रिकेट मैदान में जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए फाइनल मुकाबला शनिवार को मेरठ रेड और गाजियाबाद के बीच होगा। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में मेरठ रेड ने मुरादाबाद और गाजियाबाद ने लखनऊ की टीम को हराकर फाइनल में जगह पक्की की। मेरठ रेड की ओर से आईपीएल स्टार समीर रिजवी और गाजियाबाद की ओर से शांतनु सिंह ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया।
बुधवार देर रात बारिश के कारण बृहस्पतिवार को कोई मैच नहीं हो सके। अंतिम लीग मैच खेलने वाली सभी टीम को एक-एक अंक दे दिया गया था। बारिश का असर शुक्रवार को भी रहा। मैदान पूरी तरह से सूखा नहीं रहा। इस कारण ग्राउंड स्टाफ ने कड़ी मेहनत कर मैदान को तैयार किया, लेकिन समय की देरी के कारण दोनो मैच 20 की बजाय 10 ओवर कर दिया गया।
इस दौरान मैच रेफरी व आयोजन सचिव सुभाष चंद्र शर्मा, एमडीसीए सदस्य संजय रस्तोगी, तनकीब अख्तर, आकाश, स्पर्श व अन्य सदस्यों ने मैदान का मुआयना किया। इसके बाद दोपहर 2 बजे से पहला सेमीफाइनल मैच हो सका।
गाजियाबाद के शांतनु ने 13 गेंद में जड़ा अर्द्धशतक, 94 रन बनाए
पहला सेमीफाइनल मैच गाजियाबाद और लखनऊ की टीम के बीच हुआ। गाजियाबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। गाजियाबाद की ओर से शांतनु सिंह ने 29 गेंद में 94 रन की पारी खेली। उन्होंने 15 गेंद में ही 50 रन बना दिए। कप्तान प्रिंस यादव ने 14 गेंद में 32 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में लखनऊ के नमन तिवारी ने 2 और रोहित द्विवेदी ने 1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 10 ओवर में 7 विकेट के नुंकसान पर 148 रन ही बना सकी और 10 रन से मैच हार गई। टीम की ओर से हिमांशु सिंह ने सबसे अधिक 68 रन बनाए। शांतनु सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने शांतनु को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समीर रिजवी ने गगनचुंबी छक्के लगा मेरठ रेड को पहुंचाया फाइनल में
दूसरा सेमीफाइल शाम 4 बजे से मेरठ रेड और मुरादाबाद की टीम के बीच खेला गया। मुरादाबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाए। टीम की ओर से मिर्जा दानिश ने 22 और कुशल यादव ने 20 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में मेरठ रेड की ओर से प्रशांत चौधरी ने दो, विनीत पंवार ने दो, निर्देश ने दो और विजय कुमार ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ रेड की टीम ने 8.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 89 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। मेरठ की ओर से समीर रिजवी ने शानदार 45 रन की पारी खेली। मुरादाबाद की ओर से अक्षु, शोएब और शिवा सिंह ने एक-एक विकेट लिया। मेरठ ने 7 विकेट से मैच जीता और फाइनल में जगह पक्की की। समीर रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें एमडीसीए के उपाध्यक्ष उमेश कुमार और पूर्व रणजी खिलाड़ी हेमंत ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
गाजियाबाद की जीत में प्लेयर ऑफ द मैच रहे शांतनु को सम्मानित करते पूर्व सांसद और अन्य सदस्य
गाजियाबाद की जीत में प्लेयर ऑफ द मैच रहे शांतनु को सम्मानित करते पूर्व सांसद और अन्य सदस्य