फल विक्रेता पर खौलता तेल फेंका, झुलसा
सरधना। खिर्वा जलालपुर में बृहस्पतिवार को मिठाई की दुकान के सामने फलों की ठेली खड़ी करने को लेकर हलवाई और फल व्रिकेता के बीच कहासुनी हो गई। दोनों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान खौलता तेल फल विक्रेता के ऊपर गिर गया, जिससे वह झुलस गया।
खिर्वा जलालपुर में नवीन गुप्ता की मिठाई की दुकान है। उसकी दुकान पर गांव निवासी राजू कश्यप हलवाई के रूप में काम करता है। वहीं, सड़क किनारे गांव निवासी उम्रदराज पुत्र यूसुफ फलों का ठेला लगाता है। बृहस्पतिवार सुबह दुकान के सामने फलों की ठेली लगी देख राजू ने विरोध किया, जिसे लेकर उम्रदराज और राजू के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच दोनों पक्षों की ओर से कुछ युवक भी आ गए और वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। इसी बीच खौलते तेल की कढ़ाई उम्रदराज के ऊपर गिर गई और वह झुलस गया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर देने के कुछ देर बाद ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया।