मेरठ। स्मॉग से लोगों की छाती और गला जकड़ गया है, खांसी से हाल बेहाल है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को रही है। पिछले एक सप्ताह से बढ़े स्मॉग ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में 4316 मरीज तो जिला अस्पताल में 1685 मरीज उपचार कराने पहुंचे। दोनों अस्पतालों के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में कुल 6001 मरीज पहुंचे।
सोमवार को ओपीडी के खुलने के बाद मरीजों की कतारें लग गईं। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे। मेडिकल में दो दवा काउंटर बनाए गए हैं, जिन पर दोपहर दो बजे के बाद मरीजों की कतारें लगी रहीं। ऐसा ही हाल जिला अस्पताल का था, यहां भी मरीजों की लाइनें लगी हुई थीं। डॉक्टरों ने बताया कि स्मॉग के कारण खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इस मौसम में सचेत रहने की जरूरत है। गर्म पानी का सेवन करें और सुबह और शाम घर से बाहर निकलने में परहेज करें। मॉस्क लगाकर ही बाहर निकलें।