सरूरपुर। कस्बा खिवाई में शादी समारोह के पास सड़क पर हवाई फायरिंग करने के मामले में थाना सरूरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रविवार देर रात कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। इस घटना की शिकायत इस्तेकार पुत्र उमर ने थाने में दी थी। थाना पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी महराज, उसके साथी शान मोहम्मद और आबाद को गिरफ्तार किया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल भेजा गया। पुलिस ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।