खरखौदा। क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग हादसों में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव नगलामल निवासी हर्ष पुत्र रामकुमार शर्मा बाइक से अपनी बहन गोरी के साथ हापुड़ किसी रिश्तेदारी में गए थे। वे हापुड़-मेरठ रोड पर खरखौदा में मोहल्ला खरजाल के समीप पहुंचे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, हापुड़ के गांव असौड़ा निवासी अमन पुत्र कपिल स्विफ्ट कार में सवार होकर मेरठ से गांव लौट रहे थे। उनकी कार हापुड़-मेरठ रोड पर गांव धनौटा के सामने पहुंची। इसी दौरान धनौटा की ओर से अचानक साइकिल सवार रोड पर आ गया। चालक ने साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया परंतु कार अनियंत्रित होकर रोड किनारे खेत में पलट गई। जिसमें अमन घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।