गंगानगर। एनएच-58 स्थित एमआईईटी कॉलेज के बीटेक के तीन छात्र घर से कॉलेज के लिए निकले। तीनों शाम तक घर नहीं आए। परिजनों को मोबाइल भी बंद मिले। बाद में पुलिस ने तीनों को चंडीगढ़ के पास से तलाश कर लिया है। पूछताछ में छात्रों ने बताया कि वे नौकरी के लिए भागकर आए थे। पुलिस तीनों को वापस लाने की तैयारी में है।
गंगानगर क्षेत्र के रजपुरा निवासी आर्य पुत्र कुलदीप, एम ब्लॉक निवासी प्रियांशु और भावनपुर क्षेत्र के गोकुलपुर निवासी पृथ्वी एनएच-58 स्थित एमआईईटी कॉलेज में बीटेक के छात्र हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह तीनों कॉलेज के लिए गए थे, मगर किसी कारण परिजनों ने फोन मिलाया तो बंद मिले। शाम होने पर तीनों घर भी नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने गंगानगर थाना पुलिस से संपर्क किया। मोबाइल बंद होने होने की अंतिम लोकेशन पुलिस ने पता की। उसके बाद एक टीम बनाकर तीनों छात्रों की तलाश में लगाया गया।
बताया जा रहा है कि तीनों छात्रों को पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ और पंजाब के पास एक कस्बे से ढूंढ लिया। पुलिस की पूछताछ में छात्रों ने बताया कि प्रियांशु ने प्लान बनाया कि चंडीगढ़ या पंजाब में जाकर 25-25 हजार रुपये की नौकरी करेंगे। रुपये जोड़कर पुरानी कार खरीदकर उसे टैक्सी में चलवाएंगे। इससे अच्छी आय होगी। रजपुरा निवासी आर्य के पिता कुलदीप प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वहीं, प्रियांशु के पिता आर्मी में हैं। वहीं, एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया तीनों छात्रों को चंडीगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस उन्हें लेकर मेरठ के लिए रवाना हो चुकी है। यहां आने पर छात्रों से जानकारी की जाएगी।