सरधना। बिनौली मार्ग स्थित शिव मंदिर के निकट बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार तीन स्कूली छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद कार चालक ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार सरधना की ओर से बिनौली की दिशा में जा रही थी। उसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन छात्र सामने से आ रहे थे। वह शिव मंदिर के पास पहुंचे, कार ने स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।