संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर पुलिस और स्वाट टीम प्रथम ने कैंटर से इलेक्ट्रॉनिक्स सामान लूटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मूल निवासी भैराकलां मुजफ्फरनगर और वर्तमान में जानी निवासी रिषभ, ग्राम खेड़ी दौराला शिवकुमार, लोहिया दौराला निवासी अनिल कुमार शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ सामान बरामद कर लिया है। लूट में प्रयोग की गई दो कार भी बरामद की गई है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि
दिनेश कुमार निवासी सिडकुल हरिद्वार ने परतापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि हरिद्वार में उनका सिडकुल आईपी-2 में ट्रांसपोर्ट कार्यालय है। दो जनवरी 2025 को कैंटर इलेक्ट्रिकल सामान लेकर चालक संजीव कुमार निवासी दरभंगा बिहार हरिद्वार से फरीदाबाद लेकर जा रहा था। जब वह दौराला टोल क्रास करके आगे पहुंचा तो एक बाइक मे साइड लग गई। जिससे बाइक सवार गिर गया था। इसके बाद उस ट्रक को बोलेरो कार द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने गाड़ी नही रोकी और बोलेरो में भी साइड मार दी।
बोलेरो में बैठे अनिल और शिव ने अपने साथी रिषभ के साथ मिलकर कैंटर का पीछा कर फैंटेसी वाटर पार्क के पास घेरकर रोक लिया। कैंटर चालक गाड़ी लॉक कर अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया। तीनों आरोपियों ने शीशा तोड दिया व पीछे गेट पर लगे लाॅक को तोड़कर कैंटर में रखी पेटियों को कब्जे में ले लिया। इस मामले में परतापुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरु कर दी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर सामान भी बरामद कर लिया। पुलिस ने लाखों रुपये कीमत का सामान भी बरामद कर लिया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।