मेरठ शहर में शनिवार देर रात जिन तीन चौकियों पर ताले लटके मिले थे, उन तीनों के चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि लालकुर्ती चौकी इंचार्ज इम्तियाज, इरा माल चौकी इंचार्ज सुखवीर सिंह और मेट्रो प्लाजा चौकी इंचार्ज श्याम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
शनिवार देर रात मोदीपुरम में विभव गोयल निवासी अंसल कालोनी से स्विफ्ट कार सवार तीन बदमाशों ने अगवा कर लूटपाट की थी। इस दौरान एसपी सिटी दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स मॉल के पास राउंड पर थे।
अमर उजाला ने आधी रात के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तो कई चौकियों पर ताले लटके मिले। एसपी सिटी का कहना है कि इस संबंध में थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
जांच में सामने आया कि लालकुर्ती चौकी, इरा माल और मेट्रो प्लाजा चौकी बंद मिलने पर ये कार्रवाई की गई। जिन बूथों से पुलिसकर्मी गायब मिले, उनको लेकर भी जांच कराई जा रही है। पुलिस की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उधर, तीन चौकी प्रभारियों के लाइन हाजिर होने से थानेदारों और चौकी प्रभारियों में हड़कंप मच गया। रविवार देर रात भी एसपी सिटी ने शहर और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राउंड लिया।