खरखौदा। गांव कोल में रास्ते के निर्माण को लेकर ग्राम प्रधान और दूसरे पक्ष में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूसरे पक्ष की महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। कोल निवासी प्रमोद त्यागी ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर से गांव में रास्ते का निर्माण होना है, लेकिन कई ग्रामीणों ने उक्त रास्ता पर कब्जा कर रखा है। तहसील दिवस में प्रमोद त्यागी पक्ष ने रास्ते से कब्जे हटवाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। उधर, ग्राम प्रधान पति सोनू त्यागी यथास्थिति में ही रास्ते का निर्माण करना चाह रहा है। थाना स्तर पर दोनों पक्षों को बुलाया गया तथा ग्राम प्रधान से रास्ता कब्जा मुक्त कराने लिए कहा गया।
प्रमोद पक्ष का आरोप है कि बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान पति सोनू त्यागी ब्लॉक स्तर से किसी अधिकारी को साथ लेकर जबरन रास्ते का निर्माण करने लगा। जिसका उसने विरोध किया। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने साथियों के साथ लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिसमें प्रमोद त्यागी, गुड्डू त्यागी व एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल पक्ष ने ग्राम प्रधान पति सहित अन्य को नामजद करते हुए तहरीर दी है।