दौराला में शुक्रवार रात आठ बजे शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई हैं। परिजनों ने शराब जहरीली होने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी लगते ही डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम के निर्देश पर उक्त देशी शराब के ठेके को सील कर दिया गया। डीएम ने बताया कि उक्त दुकान से करीब शराब बिकी है। कहां-कहां शराब गई और किसने पी, इसकी जांच कराई जा रही है।
मूलरूप से भराला गांव निवासी बाबूराम प्रजापति वर्तमान में दौराला में रह रहे थे और सरसों तेल के स्पेलर का कार्य कर रहे थे। शुक्रवार रात बाबूराम के दोस्त अंकित (40) और जितेंद्र (45) निवासी दौराला ने सरधना रोड स्थित देशी शराब के ठेके से शराब खरीदी थी। इसके बाद वह स्पेलर पर बाबूराम प्रजापति के साथ मिलकर शराब का सेवन किया। शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया कि हालत बिगड़ते देख उन्हें तुरंत टोल प्लाजा स्थित निजी अस्पताल में तीनों को भर्ती कराया। जहां पर अंकित और जितेंद्र को मृतक घोषित कर दिया है। करीब एक घंटे बाद बाबूराम ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर डीएम, एसएसपी, एसपी सिटी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब के ठेके को सील कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।