मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में पति द्वारा साली से निकाह कर दोनों को साथ रखने की जिद का विरोध करना मुस्कान की मौत की वजह बन गई। पति द्वारा पत्नी मुस्कान को तेजाब पिलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी के परिवार के तीन सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी पति नासिर व उसके परिवार के सदस्य घर से भागे हुए हैं। आरोपियों के मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अमरसिंह निवासी रहीमुद्दीन ने बेटी मुस्कान का निकाह करीब डेढ़ वर्ष पहले फतेहउल्लापुर निवासी नासिर से किया था। निकाह के कुछ समय बाद से ही नासिर और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर मुस्कान का उत्पीड़न कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपी नासिर अपनी साली से भी निकाह करना चाहता था। वह दोनों पत्नियों को एक साथ रखने की बात कहता था। मुस्कान ने इसका विरोध किया तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता चला गया। इसी विवाद के दौरान विगत दिनों आरोपी ने मुस्कान को तेजाब पिलाकर उसकी हत्या कर दी।सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की दो टीम आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।