लावड़। नगर पंचायत लावड़ की ओर से आयोजित होने वाले पारंपरिक रक्षाबंधन मेले को लेकर नामित सभासदों में नाराजगी सामने आई है। मेले से संबंधित बोर्ड पर फोटो नहीं लगाए जाने, निमंत्रण पत्र नहीं दिए जाने और करीब आठ माह से बोर्ड की बैठकों में नहीं बुलाए जाने का आरोप लगाते हुए तीन नामित सभासदों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया।
नामित सभासद जितेंद्र सैनी, चंद्रकांत शर्मा और ब्रह्मसिंह कश्यप ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान की मौजूदगी में जितेंद्र सैनी के आवास पर सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंपा। सभासदों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें नगर पंचायत के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और बैठकों से लगातार दूर रखा जा रहा है। सभासदों ने कहा कि रक्षाबंधन मेला लावड़ की वर्षों पुरानी परंपरा और कस्बे की पहचान है। ऐसे आयोजन में सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मान और समान भागीदारी मिलनी चाहिए।
उनका कहना है कि मेले के बोर्ड पर फोटो लगाया जाना केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने का प्रतीक है। यदि निर्वाचित और नामित सभासदों को ही कार्यक्रमों से दूर रखा जाएगा तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनभावनाओं पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पूर्व केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में हुए सामूहिक इस्तीफे के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सभासदों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि सम्मान, समान भागीदारी और लोकतांत्रिक परंपराओं की बहाली है।