मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय अपराधी शरद गोस्वामी के तीन बैंकों में और खाते मिले हैं। एक बैंक में 22 लाख रुपये थे, जिसमें अब सिर्फ 80 हजार रुपये बचे हैं। दूसरे बैंक में पांच साल पुराना खाता है। तीसरा खाता दिल्ली में है, जिसमें कई करोड़ का लेनदेन बताया गया। वहीं, शरद के तीन फ्लैट बिजली बंबा बाईपास, कंकरखेड़ा और हाईवे पर मिले हैं। इसकी पुलिस छानबीन करने में जुटी है।
शरद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक ही बैंक में चार खातों से 15 महीने में चार करोड़ रुपये का लेनदेन बताया था। अब तीन और खाते सामने आए हैं। एक खाता दिल्ली रोड स्थित साउथ इंडियन बैंक में है, जिसमें 22 लाख रुपये थे। दूसरा खाता वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित एसबीआई में है, जिसमें दो साल से लेनदेन नहीं हुआ है। यह खाता पांच साल पुराना है। तीसरे खाते की जांच करने टीम दिल्ली रवाना हो गई है। इसके अलावा पुलिस को शरद के बैंकों में लॉकर होने की भी जानकारी मिली है। इन लॉकर में सोना या कीमती सामान हो सकता है।
उधर, पुलिस का दावा है कि शरद का एक फ्लैट बिजली बंबा बाईपास स्थित भगवती कुंज कॉलोनी में है, जबकि दूसरा कंकरखेड़ा बाईपास एनएच-58 हाईवे पर एक कॉलोनी में है। तीसरा फ्लैट कंकरखेड़ा के आनंद विहार में बताया गया, जिसमें उसका दोस्त परिवार के साथ रहता है।