मेरठ। दिल्ली स्पेशल सेल और मेरठ पुलिस की संयुक्त टीम की बृहस्पतिवार रात टीपीनगर में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 50 हजार के एक और 25-25 हजार के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें मेडिकल रेफर किया गया।
एनएच-58 स्थित वेदव्यासपुरी में टीपीनगर एसओ दिनेश चंद बघेल पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कार सवार तीन बदमाशों का पीछा करते करते दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम मेरठ पहुंच गई। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि शातिर बदमाश सद्दाम उर्फ गोरी दो साथियों के साथ कार से भाग रहा है। उस पर दिल्ली से 50 हजार का इनाम है। सूचना पर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच प्रभारी प्रशांत कपिल और टीपीनगर पुलिस को दिल्ली पुलिस के साथ लगाया।
पुलिस की संयुक्त टीम ने पूठा गांव के पास बदमाशों को घेर लिया। बदमाशोें ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। जानकारी पर सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश सद्दाम निवासी सठला मवाना (हाल पता जेजे कॉलोनी बिंदापुर दिल्ली), दिलीप निवासी डबल स्टोरी तिलकनगर दिल्ली व उस्मान निवासी सठला मवाना हैं। सद्दाम पर मेरठ से भी 25 हजार और उस्मान व दिलीप पर 25-25 हजार का इनाम है।
सद्दाम ने कुख्यात अमित भूरा को छुड़ाया था
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक तीनों शातिर अपराधी हैं। सद्दाम एक साल से दिल्ली से फरार था। 2012 में बागपत के नीरज बवाना गैंग के साथ मिलकर उसने शातिर अपराधी अमित भूरा को उत्तराखंड पुलिस से छुड़ाया था। परतापुर में लूट की वारदात में वह वांछित था। दिल्ली स्पेशल सेल से इंस्पेक्टर शिव कुमार, दरोगा अनिल ढाका, आदेश यादव और अनिल चड्ढा मुठभेड़ में शामिल थे।