सरधना। कस्बे के बिनौली रोड पर ट्रैक्टर और डंपर के बीच आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ट्रैक्टर टूटकर दो हिस्सों में बट गया। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक को कब्जे में ले लिया।
बिनौली-सरधना रोड पर बृहस्पतिवार को सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जसड़ निवासी समीर पुत्र अनवर, भूरा पुत्र इरफान, जैद पुत्र इखलाक ट्रैक्टर पर सवार होकर सरधना में लैंटर डालने के लिए जा रहे थे। जब वह सरधना-बिनौली मार्ग पर द्रोण हास्पिटल के निकट पहुंचे तो एक वाहन को बचाने के चक्कर में सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर टूटकर दो हिस्सों में बट गया। ट्रैक्टर पर बैठे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस दौरान मौके पर जाम की स्थिति बन गई। वहीं, सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर व उसके चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को भी सड़क किनारे लगवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो पाया।
थाना प्रभारी प्रताप सिंह का कहना है कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।