डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने किया शुभारंभ, आज से शुरू होंगे मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। गांव नंगला गोसाईं पंचायत में शूटिंग रेंज में तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने 10 मीटर एयर पिस्टल का पिस्टल से निशाना लगाकर तथा पंचायत भवन का फीता काटकर किया। मैच रविवार से शुरू होंगे।
राज्य सभा सांसद डॉ. लक्ष्मी कांत वाजपेयी ने शूटिंग रेंज की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे।
एससी एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, डॉ. आशाराम , धीरेंद्र प्रधानाचार्य, अरुण सिंघल ने भी निशानेबाजों को भी संबोधित कर गांव व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अरुण कुमार चौधरी ने किया। ग्राम प्रधान सरिता व एडीओ पंचायत राम नरेश ने आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह, ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी चंद सैनी, विकास कुमार, चौधरी अंकुर सिंह इंटरनेशनल शूटर, शूटिंग कोच राहुल आदि मौजूद रहे।