हाईवे पर कार लूटकर भाग रहे तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, एक फरार
- दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेकड़ा तहसील के पास व्यापारी से लूटी थी कार
- पुलिस चेकिंग के दौरान सांकरौद गांव के जंगल में घुस गए थे बदमाश
- एसपी के नेतृत्व में साढ़े तीन घंटे में चली मुठभेड़ में बदमाशों को दबोचा गया
अमर उजाला ब्यूरो
खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सरेशाम चार बदमाशों ने एक व्यापारी से कार लूट ली। वारदात के बाद बदमाश खेकड़ा पाठशाला के पास चेकिंग कर रही पुलिस को देखकर कार छोड़कर सांकरौद गांव के निकट गन्ने के खेत में घुस गए। एसपी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में बागपत, बड़ौत, खेकड़ा पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब साढ़े तीन घंटे चली मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए, जिन्हें दबोच लिया गया। एक बदमाश फरार होने में कामयाब रहा।
बागपत निवासी गौरव जैन डाबर कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर है। बुधवार को खेकड़ा से बागपत लौट रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेकड़ा तहसील के निकट शाम करीब पांच बजे चार बदमाशों ने उससे हथियारों के बल पर कार लूट ली। वारदात के बाद बदमाश दिल्ली की ओर भागने लगे। मगर, खेकड़ा पाठशाला पर पुलिस चेकिंग के कारण बदमाश सांकरौद गांव की ओर भागे। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरा देखकर बदमाश कार छोड़कर गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस ने घेराबंदी की। एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी मनीष मिश्रा, सीओ मंगल सिंह रावत, सीओ आलोक कुमार, इंस्पेक्टर खेकड़ा रवेंद्र यादव पुलिस और पीएसी व आरआरएफ के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी निवासी रितेश और सुभानपुर खेकड़ा निवासी पुनीत पुत्र भारतभूषण घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके बाद पुलिस ने गन्ने के खेत में घुसकर अन्य दोनों बदमाशों की तलाश की तो फिर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस की गोली से गौरव निवासी टॉनिका सिटी भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। चौथे बदमाश फरार हो गया। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ की जा रही है, वह किस गैंग से जुड़े हैं और कौन-कौन सी वारदात में शामिल रहे हैं, जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। मौके से एक पिस्टल, दो तमंचे, दो कारतूस व कई खोखे, लूटी गई कार बरामद हुए।