- रविवार रात नौ बजे घर से निकले थे, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन पुलिस टीमों ने तलाशा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। शाहपुर जदीद गांव से रविवार देर रात लापता हुए तीन किशोरों को पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चे घर से निकलने के बाद ट्रेन में बैठकर हरिद्वार पहुंच गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन टीमें गठित कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक टीम हरिद्वार पहुंची और रात करीब एक बजे तीनों किशोरों को बरामद कर लिया। किशोरों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
शाहपुर जदीद निवासी सोमपाल का 13 वर्षीय पुत्र, उनका 10 वर्षीय भतीजा और थाना सरूरपुर के खिवाई गांव निवासी 12 वर्षीय भांजा रविवार रात करीब नौ बजे अचानक घर से निकल गए थे। काफी देर तक बच्चों के नहीं लौटने और तलाश करने पर कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजन परेशान हो गए। इसके बाद सोमपाल ने पुलिस को सूचना दी।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू कर दी। आसपास जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर बच्चों के ट्रेन से हरिद्वार जाने की जानकारी मिली। पुलिस टीम हरिद्वार पहुंची और तीनों को रात करीब एक बजे सकुशल खोज लिया। पुलिस बच्चों को दौराला लेकर आई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के अचानक घर से निकलने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।