पूठी गोलीकांड में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद
परीक्षितगढ़। गांव पूठी में दो पक्षों में हुई फायरिंग के दौरान एक युवक की मौत होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के अलावा दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार चल रहे नामजद एक आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गांव पूठी निवासी अनिल पुत्र महावीर और अरविंद पुत्र सुखबीर के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा है। विवाद के चलते चार दिन पूर्व रविवार रात अनिल और अरविंद में कहासुनी होने के बाद फायरिंग हो गई थी। फायरिंग के दौरान गांव के ही दीपक उर्फ भोलू की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी तथा अशोक उर्फ नीटू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल अशोक की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
थाना पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरविंद को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हत्या में नामजद मोहित पुत्र राकेश और अमित पुत्र सुखबीर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने का दावा किया है।