मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में की नई बस्ती में मलियाना बिजलीघर के कर्मचारी के साथ हुई 4.55 लाख रुपये की लूट के मामले में शनिवार शाम पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश को पैर में गोली लगी। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों से 3.04 लाख रुपये, बाइक और दो तमंचे बरामद किए हैं।
दौराला के पीरपुर निवासी बिनेश मलियाना बिजलीघर पर (टीजी-2) टेक्निशियन ग्रेड-2 के पद पर तैनात हैं। 28 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे वह बिजलीघर से 4.55 लाख रुपये थैले में लेकर ई-रिक्शा से टीपी नगर थाने के पास आईसीआईसीआई बैंक में जमा कराने जा रहे थे। बिजलीघर से करीब एक किमी दूर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनसे रुपये का थैला छीन लिया और फरार हो गए थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया शनिवार शाम वेदव्यासपुरी के जंगल में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की गोली पैर में लगने से गौरव निवासी गांव मुजफ्फरनगर सैनी थाना इंचौली घायल हो गया। उसके साथ पुलिस ने पंकज निवासी मलियाना, कार्तिक निवासी मुजफ्फरनगर थाना इंचौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके गांव ही एक दूसरा आरोपी गौरव और सतेंद्र निवासी आंबेडकर पार्क मलियाना फरार हो गए। फरार आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
सतेंद्र ने रची थी साजिश, पंकज ने की थी मुखबिरी
मलियाना बिजलीघर के संविदा कर्मचारी पंकज ने बिनेश की मुखबिरी सतेंद्र से की थी। सतेंद्र मूलरूप से गांव मुजफ्फरनगर सैनी थाना इंचौली का रहने वाला है। फिलहाल मलियाना में रह रहा है। सतेंद्र ने लूट की पूरी साजिश रची और अपने गांव से अपने साथियों को घटना को अंजाम देने के लिए बुलाया था। बाइक और तमंचे का इंतजाम भी उसी ने किया था।