- नामजद आरोपी ऋषभ ने कोर्ट में किया सरेंडर
- सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर से सामने आई भूमिका
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में हुई नितिन नागर (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों अंकुर, कृष चौहान और अपार मावी को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में इनकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों मिट्ठू चौधरी और उत्सव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उधर, नामजद एक आरोपी ऋषभ ने मंगलवार को पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
बहसूमा थाना क्षेत्र के माखननगर निवासी सतीश के बेटे नितिन नागर की शुक्रवार 11सितंबर को कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता ने हस्तिनापुर के जे-ब्लॉक निवासी सत्या उर्फ मिट्ठू चौधरी, उत्सव पाली, रानी नंगला निवासी गोल्डी, ऋषभ, जंधेड़ी निवासी शक्ति और एक अज्ञात के खिलाफ हस्तिनापुर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को मिट्ठू चौधरी और उत्सव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
-
नए नाम सामने आने पर हुई गिरफ्तारी
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि विवेचना के दौरान कुछ नए नाम प्रकाश में आए। इनमें मवाना के तिहाई निवासी कृष चौहान, जंधेड़ी निवासी अंकुर और मवाना के अशोक विहार निवासी अपार मावी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को किशोरपुर नहर पुल और गंग नहर, मवाना के पास से पकड़ा गया। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में शामिल स्कूटी बरामद हुई है। तीनों को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कई टीमें जांच में जुटी थीं
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही थीं। तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है। मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच में यदि अन्य संदिग्धों के नाम या साक्ष्य सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।