सरधना। नगर के मोहल्ला गढ़ी खटीकान में विवाहिता से ससुराल वालों ने दहेज में पांच लाख व कार की मांग पूरी न होने पर तलाक की धमकी दी है। आरोप है कि विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुए पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला गढ़ी खटीकान निवासी मंतशा पुत्री इरफान ने बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व गांव बिनौली में हुई थी। शादी के बाद से ही सुसराल वाले दहेज की मांग के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। कार व पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वाले उत्पीड़न कर रहे हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले ससुराल वाले धोखे से उसे सरधना तहसील के आए। यहां उन्होंने जबरन उससे तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने मायके पहुंची।
पीड़ित के अनुसार बीते पांच मई को ससुराल पक्ष के लोग समझौते के नाम पर उसके घर आए। उन्होंने अपनी मांग दोहराई और विरोध करने पर उसे परिजनों के सामने पीटा। बाद में आरोपी दहेज की मांग पूरी न करने पर उसे तलाक देने की धमकी देकर वहां से चले गए। पीड़ित ने पुलिस को आपबीती सुनाकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।