पूर्व पार्षद किन्नर हाजी फाको हत्याकांड का सोमवार को एसएसपी ने पांच आरोपी गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। एसएसपी के अनुसार जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर ने फाको की हत्या की पांच लाख में सुपारी दी थी। आरोपियों का दावा है कि पांच महीने पहले हिस्ट्रीशीटर के साथी किन्नर शमशाद उर्फ सोनाली की हत्या में फाको का हाथ था, इसके बदले फाको की हत्या की गई थी।
एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर सलमान निवासी कोतवाली ने भाड़े के शूटरों नवेद और शानू को जेल में बुलाकर हत्या की प्लानिंग की थी। सलमान को शक था कि बीते साल 27 दिसंबर को साकेत में हुई किन्नर शमशाद की हत्या में हाजी फाको का हाथ है। एसएसपी के सामने प्रेसवार्ता में नवेद समेत अन्य आरोपियों ने भाड़े पर हत्या करना कबूल किया।
18 हजार दिए थे एडवांस
नवेद ने बताया कि सलमान ने उसे 18 हजार रुपये दिलवाए थे, बाकी रकम वारदात के बाद देने की बात कही थी। रविवार रात नवेद सुपारी के पैसे लेने सलमान के साथी सरफराज के घर गया था। जहां पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक पिस्टल, एक तमंचा भी बरामद किया है।
ऐसे बनी प्लानिंग
इलियास और सरफराज हिस्ट्रीशीटर सलमान से पहले परिचित थे। इलियास से फुरकान की दोस्ती थी। फुरकान और नवेद चचेरे भाई हैं। इलियास के कहने पर दो सप्ताह पहले नवेद और फुरकान सलमान से जेल जाकर मिले थे। सलमान ने जेल जाने से पहले लूट और रंगदारी में वसूला पैसा सरफराज के घर पर रखा था। सलमान के कहने पर एक सप्ताह पहले इलियास, नवेद, शानू और फुरकान ने सरफराज के घर पर प्लानिंग बनाई थी।
कपड़ा खरीदने के बहाने घुसे
नवेद और फुरकान 16 मई को श्याम नगर में हाजी फाको के घर पर कपड़ा लेने के बहाने घुसे थे। करीब 10 मिनट बातचीत की। पानी पिया और फिर फाको पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। फाको को पांच गोलियां लगी थी, जिसने दो दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया था। किन्नरो ने आनंद हॉस्पिटल में तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद आरोपी लिसाड़ी गेट में ही छुपे रहे।
गिरफ्तार आरोपी
नवेद पुत्र ग्यासुद्दीन निवासी न्यू मदीना कॉलोनी लिसाड़ीगेट, फुरकान पुत्र आस मोहम्मद निवासी जाटव गेट पूर्वा इलाही बख्श ब्रह्मपुरी, शानू पुत्र शाहिद निवासी रसूलनगर खरखौदा, इलियास पुत्र ताहिर निवासी किदवईनगर, सरफराज पुत्र लियाकत निवासी तारापुरी लिसाड़ी गेट। सलमान को भी हत्या की साजिश रचने का मुल्जिम बनाया गया है।
सही खुलासा करो
किन्नरों ने सोमवार शाम लिसाड़ी गेट थाने में हंगामा किया। हाजी फाको के भाई बुंदू ने आरोप लगाया कि भाडे़ के शूटर तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। लेकिन असली मुल्जिम का अभी खुलासा नहीं हुआ। कहा कि हाजी फाको के घर पर मौजूद रेशमा उर्फ छोटी, ताहिर और हाजी राशिद से भी पुलिस पूछताछ करे। ताकि सही बात सामने आए।
इलाके को लेकर किन्नरों में विवाद
एसएसपी के अनुसार फाको और शमशाद में इलाके के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शमशाद हिस्ट्रीशीटर सलमान के साथ रहता था। जबकि फाको उनसे अलग था। शमशाद की हत्या में फाको शामिल था या नहीं, इसकी जांच होगी। क्योंकि शमशाद की हत्या में फईक, सारिक, छोटा, भूरा, मोहसिन समेत 12 लोग नामजद हुए हैं। वहीं, शहर के सभी शूटर भी चिह्नित किए जाएंगे।