संवाद समाचार एजेंसी
सरधना/माछरा। थाना सरधना क्षेत्र के बपारसी गांव और थाना किठौर क्षेत्र के गांव माछरा के जंगल में मंगलवार रात चोरों ने 31 किसानों के नलकूपों में मोटर, स्टार्टर, उर्वरक समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
बुधवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे और सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। किसान मनीष, मदन, कुंवरपाल, शीशपाल, रामकरण, कृष्णपाल, रामपाल, जयबीर, मानसिंह, सुधीर, भूरू, भानू और यशपाल के नलकूपों में चोरी की। किसानों की तहरीर के आधार पर अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गांव माछरा के जंगल में 18 नलकूपों में चोरी की गई। चोरों ने राजकीय नलकूप के अलावा सुनील, कृष्णदत्त त्यागी, तरुण, सेवाराम, टीटू, शिवराम, रामपाल, कपिल, रामदत्त शर्मा आदि किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर स्टार्टर, केबल, कटआउट आदि सामान चोरी कर लिया। थाना किठौर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।