मोहल्ला मुन्नालाल में बंद मकान का चोरों ने खिड़की का सरिया तोड़कर घर में प्रवेश कर लाखों रुपये के सोने, चांदी के जेवर व हजारों रुपये की नकद चोरी कर ली। चोरी की जानकारी सोमवार देर शाम परिवार के दिल्ली से लौटने के बाद हुई।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी फुरकान की पुलिस चौकी के पास टेंट की दुकान है। फुरकान का बड़ा बेटा जाकिर दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाता है। छोटा बेटा रजी नोएडा स्थित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। ईद पर जाकिर मवाना आया था और अपने माता-पिता व भाई को दिल्ली ले गया था। इसी बीच चोरों ने घर में घुसकर लगभग 15 हजार रुपये नकद व कई लाख रुपये कीमत के करीब आठ तोले के जेवर चोरी कर लिए।
चोरी की जानकारी सोमवार को शाम वापस लौटने पर लगी, जब परिवार ने घर के अंदर सामान को बिखरा हुआ देखा। चोरों ने ऊपर खिड़की का सरिया निकला हुआ था। चोरों ने इसी खिड़की से घर प्रवेश कर चोरी को अंजाम दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्र मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पीड़ित परिवार ने बताया कि रजी की लगभग तीन माह पहले ही शादी हुई है। उसकी पत्नी के जेवर भी घर पर रखे हुए थे। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।