बैठक की देते हैं सूचना, प्रस्ताव और सुझाव नहीं पूछते
- 8 जनवरी को होनी है साल की पहली बोर्ड बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर के विकास का खाका तैयार करने वाले मेरठ विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक के लिए जो प्रस्ताव तैयार किए जाते हैं, उन पर शासन द्वारा नामित सदस्यों से कोई भी प्रस्ताव और सुझाव नहीं लिया जाता है। नामित सदस्यों को केवल बैठक की सूचना देकर इतिश्री कर ली जाती है। तीन साल बाद शासन की ओर से तीन सदस्यों को नामित किया गया, वह भी सिर्फ दिखावा ही साबित हो रहा हैं।
साल की पहली बोर्ड बैठक आठ जनवरी होने जा रही है। जिसकी सूचना नामित सदस्यों को दे दी गई है, लेकिन प्रस्ताव और सुझाव के बारे में अभी तक कोई भी चर्चा नहीं की गई है। ऐसे में अगर सदस्यों से बोर्ड बैठक के प्रस्तावों पर भी चर्चा नहीं हो रही है तो इससे साफ नजर आता है कि एमडीए शहर के किसी भी विकास के लिए तैयार नहीं है।
दिव्यांगजन पार्क - इस प्रस्ताव को पिछली बोर्ड बैठक में लाया गया था। इस पर सहमति भी बन गई थी, लेकिन बाद में इसके निर्माण को टाल दिया गया। जबकि इसका टेंडर भी हो गया था।
न्यू ट्रांसपोर्ट नगर - इस पर कई बोर्ड बैठक में चर्चा हो चुकी है। लेकिन नतीजा शून्य रहा है। हर बार बोर्ड बैठक का समय खराब होता है। अभी भी कोई फैसला नहीं हो सका है।
हिंदी भवन, पटेल नगर - इस प्रस्ताव पर भी कई बोर्ड बैठकों में चर्चा हो चुकी है, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। इससे साफ है कि किसी भी प्रस्ताव पर एमडीए कोई फाइनल कार्य करने को तैयार नहीं है।
केवल सूचना देते हैं बस
हमें सिर्फ बोर्ड बैठक में आने की सूचना दी जाती है। इससे पहले हमसे कोई भी चर्चा नहीं की जाती है। जिससे हम भी शहर के किसी भी मुद्दे पर बोर्ड बैठक से पहले वार्ता कर सकें। - डॉ.चरण सिंह, लिसाड़ी, शासन द्वारा नामित सदस्य