कैंसर! दहशत के लिए बस नाम ही काफी है। इसी दहशत का फायदा उठाने के लिए शहर और देहात में कई जगहों पर अनाधिकृत रूप से कैंसर मुक्ति के नाम पर केंद्र खोल दिये गये हैं। शहर के बीचों बीच फैज-ए-आम डिग्री कालेज में एक ऐसा ही केंद्र खोला गया है जिसमें कैंसर मुक्ति के नाम पर लोगों को जमकर चूना लगाया जा रहा है।
दिल्ली रोड स्थित फैज-ए-आम डिग्री कॉलेज के सामने पहुंचेंगे तो कॉलेज के बाहर बड़ा बोर्ड लगा दिखाई देगा। कैंसर रिहेबिलिटेशन सेंटर के इस बोर्ड पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमएफ रहमान का फोटो और फोन नंबर के साथ उनको सांइटिस्ट दर्शाया गया है। बोर्ड साफ साफ दर्शा रहा है कि कॉलेज में कैंसर मुक्ति का इलाज हो रहा है। कॉलेज के प्राचार्य खुद इस सेंटर का संचालन कर रहे हैं। प्राचार्य एमएफ रहमान के पास डिग्री तो पीएचडी की है। लेकिन पेशा मेडिकल डिग्री वाला अपना लिया है। पीएचडी डिग्री धारक कैसे कैंसर पीड़ितों को दवाई देकर उनकी जिंदगी बचाने का ख्वाब दिखा सकता है।
प्राचार्य बोले, आ जाओ इलाज के लिए
फैज-ए-आम कॉलेज के प्राचार्य को मरीज बनकर फोन किया गया तो उन्होंने बेबाक कहा कि वह कॉलेज में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैठते हैं। उनके अलावा एक डिग्रीधारक डॉक्टर भी उनके साथ बैठता है। मरीज़ को 5 हज़ार रुपये महीना तक की दवाई दी जाती है। हालांकि उन्होंने डॉक्टर का नाम नहीं बताया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर साहब का कहना था कि हमारे कॉलेज में कैंसर रिसर्च सेंटर खोला गया है। हम कैंसर के मरीज को दवाई नही देते। पहले केवल डाइट बदलकर ही मरीज का इलाज करते हैं।