खिरोड़ नया गांव में गौशाला निर्माण के विवाद में पहुंची पुलिस लोगों से बात करते हुए
- फोटो : SARDANA
गोशाला बनाने को लेकर हवन किया, हंगामा
सरधना। कोतवाली क्षेत्र के खिर्वा नोआबाद में पशुचर की भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हैं। रविवार को एक पक्ष ने भूमि पर टेंट लगाकर हवन यज्ञ शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हवन रुकवा दिया। जिसको लेकर हंगामा हो गया।
खिर्वा नोआबाद के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पौहल्ली संपर्क मार्ग पर पशुचर की करीब करीब 28 बीघा भूमि हैं। कुछ लोगों ने करीब दस बीघा भूमि पर कब्जा कर रखा है। बाकी जमीन पर भी आरोपी कब्जे की फिराक में हैं। एक महीने पहले ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने गांव की समिति गठित की थी। तहसील टीम ने पैमाईश कराकर खंबे गड़वा कर तारबंदी करा दी थी। कुछ दिन बाद आरोपियों ने खंभे उखाड़ दिए। अब ग्रामीण भूमि पर गौशाला बनवाने की मांग कर रहे हैं। रविवार सुबह काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुले घूम रहे गोवंशों को भूमि पर ले जाकर बांध दिए। वहीं, टैंट लगाकर गौशाला निर्माण के लिए हवन की तैयार शुरू कर दी। मामले की सूचना अधिकारियों को कर दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल टैंट उखड़वा दिया और ग्रामीणों को खदेड़ दिया। ग्रामीण हवन करने की जिद्द पर अड़े रहे। पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देकर लौट आई। बाद में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। फिर गौचर की भूमि पर हवन किया गया। ग्रामीणों ने साफ कह दिया है कि भूमि पर गौशाला बनवाकर ही छोड़ेंगे। फिलहाल मामले को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक ने बताया कि कुछ लोग पशुचर की भूमि पर गोशाला निर्माण के लिये हवन कर रहे थे। लेकिन गोशाला निर्माण की अनुमति नहीं है। किसी भी पक्ष द्वारा भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।