बेहट के गांव खुर्रमपुर में युवक को थप्पड़ मारते भीड़ में शामिल युवक। स्रोत:वीडियो ग्रेब
- फोटो : जांच करते आसीवन एसओ अजय कुमार सिंह।
सहारनपुर/बेहट/छुटमलपुर। ड्रोन उड़ने और चोरी की अफवाहों के चलते बुधवार रात पहरा दे रहे ग्रामीणों ने चार स्थानों पर संदिग्ध दिखने वाले लोगों की पिटाई कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। सभी मामलों में पुलिस ने मारपीट करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कुतुबशेर थाने के गांव इगरी में बुधवार रात ग्रामीणों ने चोर चार का हल्ला मचाते हुए एक संदिग्ध को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने बताया कि पांच नामजद हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बेहट के गांव खुर्रमपुर में शराब ठेके के पास गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने कुछ हलचल देखी। उन्होंने अंदर घुसकर देखा तो एक युवक खड़ा था। भीड़ ने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम बंटी निवासी गांव लखनौती थाना देहात कोतवाली बताया। इस पर भीड़ को संदेह हुआ कि लखनौती से वह यहां क्या करने आया और गन्ने के खेत में क्या कर रहा था। भीड़ युवक को चोर समझकर उस पर टूट पड़ी। मारपीट में सिर में गहरा जख्म होने से युवक लहूलुहान हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस खुर्रमपुर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल ले गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल युवक बंटी ने पूछताछ में बताया है कि वह नशा करता है और गांव अनवरपुर बरौली में कुट्टी मशीन पर काम करता है। मशीन पर काम नहीं था, तो वह भांग रगड़ने के लिए खुर्रमपुर की तरफ आ गया। बंटी की तरफ से भीड़ में शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव जयरामपुर उर्फ नानका में बुधवार रात डेढ़ बजे पहरा दे रहे ग्रामीणों ने नईम डीलर के घर के सामने स्थित खेत में एक संदिग्ध को देख कर उसे घेर लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सीओ सदर मनोज कुमार और एसओ फतेहपुर सचिन पूनिया गांव पहुंचे और संदिग्ध को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। सीओ ने बताया कि मारपीट का शिकार हुआ मनोरोगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले 13 नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।