मेरठ। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताते हुए लोगों को लगातार जागरूक करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चिकित्सालयों में पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं। सामान्य बाल टीकाकरण को तेजी के साथ ही मंडल में निर्माणाधीन नए ऑक्सीजन प्लांट्स निर्धारित समयसीमा में पूरे कर लिए जाएं।
अपर मुख्य सचिव कोरोना नियंत्रण के संबंध में शनिवार को सर्किट हाउस में मेरठ मंडल की समीक्षा कर रहे थे। कहा, मेरठ मंडल में पीएचसी व सीएचसी के कायाकल्प की योजना को गति दी जाए। विशेषकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने के लिये शासन को प्रस्ताव भेजें। उन्होंने कहा कि नॉन कोविड चिकित्सा सुविधाओं पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में सर्जरी की संख्या कम होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए वृद्धि के निर्देश दिए। कहा, चिकित्सक ड्यूटी पर उपस्थित रहें, इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी निरंतर औचक निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि जनपदों में जो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्राप्त हुए हैं, उनको स्टॉक रजिस्टर में दर्ज कर प्रयोग में लिया जाए। कोरोना एवं ब्लैक फंगस के मरीजों के उपचार के संबंध में मंडल के चिकित्सालयों व मेडिकल कॉलेज के जिन चिकित्सकों ने अच्छा कार्य किया है, उनसे मंडल के अन्य चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिलाया जाए। अपर मुख्य सचिव का शनिवार शाम 6:30 बजे जिला अस्पताल के निरीक्षण का कार्यक्रम था, लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। बैठक में मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, अपर निदेशक चिकित्सा डॉ. राजकुमार, सभी मुख्य चिकित्साधिकारी और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन में टॉप 5 में मंडल के जिले
कमिश्नर ने अपर मुख्य सचिव को बताया कि मेरठ मंडल में शुक्रवार को 23,146 कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें 22 नए मरीज मिले। मंडल में पीक (6-10 मई, 2021) के दौरान 19.97 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट सबसे अधिक था। मंडल में वर्तमान में 265 एक्टिव केस हैं। इनमें मेरठ में 118, बुलंदशहर में 51, गाजियाबाद में 42, गौतमबुद्ध नगर में 30, बाग़पत में 17 एवं हापुड़ में 17 एक्टिव मामले हैं। वैक्सीनेशन के टॉप-5 जिलों में मंडल के जिले हैं।
-----
15 तक शुरू हो जाएंगे 37 ऑक्सीजन प्लांट
आयुक्त ने बताया कि मंडल के सभी जिलों में 58 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। 15 प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं। 7 जुलाई तक 21 तथा 15 जुलाई तक कुल 37 प्लांट चालू हो जाएंगे। पीएचसी/सीएचसी के कायाकल्प की योजना में 165 पीएचसी और 49 सीएचसी में भवन मरम्मत, टाइल्स, एयरकंडीशनर, प्लास्टर, बाउंड्री वॉल निर्माण, रंगाई-पुताई आदि का कार्य प्रगति पर है।