-एक साल में पांचवां शव मिलने के बाद लोगों ने बयां किए हालात
- डीएम को पत्र लिखकर ठेका हटवाने का प्रयास कर रही पुलिस
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। खुले ओडियन नाले मेें एक साल में पांचवां शव मिलने के बाद नागरिकों ने यहां के हालात बयां करते हुए शराब ठेका हटवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि देसी शराब का ठेका नियमों का उल्लंघन करते हुए थाने और नाले के सामने खुला है। भूमिया माता का मंदिर की दूरी इस ठेके से लगभग 50 मीटर दूर भी नहीं है। हालांकि एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने इस ठेके को यहां से हटाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखने की बात कही है।
ब्रह्मपुरी थाने के पास खुले नाले में रविवार दोपहर एक युवक का शव पड़ा मिला था। इस युवक की पहचान नहीं हो पाई है। 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम होगा। एक साल में इस नाले में पांच युवकों के शव मिल चुके हैं। हैरत की बात यह है कि इन शवों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह मानकर चल रही है कि नाले के सामने ठेका होने के कारण लोग नशे की हालत में नाले में गिर जाते हैं। इससे उनकी मौत हो जाती है। यह नाला लगभग 15 फुट चौड़ा है। इसकी गहराई भी दस फीट से अधिक बताई गई है। ऐसे में इस आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता कि हत्या कर यहां शव फेेंका गया हो।
सोमवार सुबह इस मार्ग की पड़ताल की गई तो यहां पर दिन में ही लोग सड़क किनारे शराब पीते दिखाई दिए। कुछ लोग यहां से लड़खड़ाते गुजर रहे थे। एटीएम के बूथ के बाहर भी लोग शराब पी रहे थे। क्षेत्र के निवासी भी खुले नाले को ढकवाने और शराब का ठेका हटवाने की मांग कर रहे हैं।
-
वर्जन
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी से जिलाधिकारी को शराब का ठेका स्थानांतरित करने के लिए पत्र लिखने को कहा गया है। पूर्व में इस संबंध में जो पत्राचार किया गया है। पत्र में उसका भी उल्लेख किया जाएगा।
विनायक गोपाल भोसले, एसपी सिटी
-
खुले नाले के कारण खतरा बना रहता है। शराब के ठेके के कारण यहां अक्सर घटनाएं होती हैं। खुले नाले को ढकवाना चाहिए और शराब का ठेका हटाना चाहिए।
- मुकेश शर्मा
रात को ही नहीं, दिन में भी सड़क किनारे शराब पीते लोग देखे जा सकते हैं। पास में ही भूमिया का मंदिर हैं। यहां महिलाओं का आना रहता है। नाला भी खुला पड़ा है।
- संध्या
यहां से बड़ी संख्या में छात्राएं गुजरती हैं। बच्चे भी यहां खेलते हैं। शराब का ठेका होने से यहां लोगों के परेशानी होती है। नाला खुला होने से खतरा बना रहता है।
- प्रशांत कौशिक
मंदिर से शराब के ठेका दूर खुलना चाहिए। थाने के सामने ठेका होने के बावजूद सड़क किनारे लोग शराब पीते देखे जा सकते हैं। ठेका हटाने के साथ खुले नाले की समस्या का भी समाधान होना चाहिए।
- करण कपूर