संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। अरनावली गांव में बंद मकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर, मोबाइल और नकदी बरामद की है।
बताया कि सोमवार रात गांव अरनावली निवासी कुंदन सिंह के बंद मकान में दीवार फांदकर घुसे बदमाश ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और यक्ष एप की मदद से जांच की। जांच के दौरान पुलिस गांव इदरीशपुर पेपला निवासी अबूबकर तक पहुंच गई। बुधवार देर रात पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया।
मां-बेटे से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
रोहटा। डालमपुर गांव में रंजिश को लेकर पड़ोसी पर घर में घुसकर मां-बेटे से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी गौरव शर्मा ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी अमरीश उनसे रंजिश रखता है। आरोप है कि बुधवार को अमरीश घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गौरव और उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।