मवाना। चोरों ने दिनदहाड़े दो मकानों को खंगाल कर हजारों की नकदी और जेवरात चोरी कर डाले।
मोहल्ला काबली गेट ढोलापुरी निवासी अमित चाट की ठेली लगाता है। उसने बताया कि वह सुबह 11 बजे मकान का ताला लगाकर पत्नी रीना के साथ बच्चों के स्कूल में शिक्षक अभिभावक बैठक में गया था। बीस मिनट बाद वह पत्नी के साथ वापस लौटा। इसी बीच चोरों ने मुख्य द्वार तथा सेफ का ताला तोड़कर 85 हजार रुपये और दो लाख के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को सूचना देने पर हल्का इंचार्ज दरोगा विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर बिना नंबर की स्पेंलडर बाइक सवार तीन युवक आते दिखे। जाते समय एक बाइक पर गया जबकि दो पैदल ही गए।
वहीं न्यू शिवपुरी कालोनी निवासी उर्मिला ने तहरीर में बताया कि वह टीकाकरण की डयूटी में शनिवार सुबह घर में ताला लगाकर गई थी। शाम को लौटी तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर सेफ का भी ताला टूटा था तथा सामान बिखरा था। चोर घर में रखे 8 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन तथा चांदी की पाजेब चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।