पुलिस चौकी के पास कपड़े की दुकान में लाखों की चोरी
मेरठ। ब्रह्मपुरी के शारदा रोड पर पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार देर रात चोर ने कपड़े की दुकान से एक लाख की नकदी, लैपटॉप, जैकेट सहित अन्य सामान चुराकर ले गए। शुक्रवार सुबह घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। बाजार के व्यापारियों ने पुलिस पर नियमित गश्त न लगाने का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। पुलिस ने कुछ दुकानों से सीसीटीवी फुटेज लेकर उसकी पड़ताल शुरू की है।
दिल्ली रोड स्थित सूर्या पैलेस निवासी संजय खुराना की शारदा रोड पर गौरीपुरा पुलिस चौकी के पास ही खुराना मेसर्स स्टोर के नाम से कपड़े की दुकान है। बृहस्पतिवार देर रात चोर साइड में लगी ग्रिल तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये, लैपटॉप और जैकेट चोरी कर लिए।
शुक्रवार सुबह संजय दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। पता चलने पर आसपास के व्यापारी भी आ गए। शारदा रोड व्यापार संघ से जुड़े व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और रोष जताया। सूचना मिलने पर सीओ ब्रह्मपुरी बृजेश सिंह ने व्यापारियों को समझाकर शांत कराया। एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि व्यापारी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।