लिसाड़ी गेट में युवक को गोली मारी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में विवाद के बाद युवक को गोली मार दी गई। लहूलुहान स्थिति में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समर गार्डन निवासी बिलाल मिट्टी खुदाई का काम करता है। बुधवार को उसका एक कर्मचारी नदीम निवासी समर गार्डन ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गोदाम जा रहा था। बीच रास्ते में समर गार्डन के ही इमरान और साहबजादा ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इन दोनों ने नदीम से रुपयों की मांग की। काफी देर उनके बीच नोकझाेंक हुई। इसके बाद नदीम गोदाम आ गया। थोड़ी ही देर बाद इमरान और साहबजादा भी गोदाम पर पहुंच गए। उन्होंने गोदाम में काम कर रहे फरमान और टीटी नाम के कर्मचारी से मारपीट की और धमकी देकर लौट गए। कुछ देर बाद ही साहबजादा संदिग्ध परिस्थिति में घायल हो गया। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां उसने बिलाल पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।