तोड़फोड़ के आरोप में बीजेपी सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सहारनपुर जनपद के सड़क दूधली प्रकरण में भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा व उनके साथियों समेत और दूसरे पक्ष के लोगों पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं कप्तान के बंगले पर हुए उत्पात और तोड़फोड़ के मामले में भी सांसद राघव और उनके 8 साथियों पर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर दिया है।
गौरतलब है कि सहारनपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को सड़क दूधली में निकाली जा रही शोभायात्रा जैसे ही गांव के कब्रिस्तान के सामने पहुंची तो बवालिए दुश्मन की तरह टूट पड़े। संकरी गली में गांव के अंदर से जबरदस्त पथराव शुरू हुआ तो शोभायात्रा में मौजूद लोग पहले तो कुछ समझ ही नहीं पाए। बेहद सोची-समझी साजिश और तैयारी के साथ हुए हमले में पुलिस भी पूरी तरह बैकफुट पर रही। इस बीच देखते देखते ही पथराव के साथ फायरिंग शुरू हो गई। पथराव में सहारनपुर से सांसद राघव लखनपाल शर्मा सहित कई भाजपाई घायल हो गए थे। इस दौरान करीब चार घंटे तक कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत भारी पुलिस के फोर्स के सामने जमकर बवाल होता रहा। शोभायात्रा आगे बढ़ने से रोकने के लिए दूसरे समुदाय के लोग लाव-लश्कर के साथ अड़े रहे। इस बीच हवाई फायरिंग भी की गई।