ठेके की शिकायत करने थाने पहुंची महिलाएं
मेरठ में रजपुरा रोड स्थित गंगापुरम कॉलोनी में शराब के ठेके का विवाद बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले महिलाओं ने ठेके में तोड़फोड़ की थी। शुक्रवार को महिलाएं ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान ठेका संचालक ने महिलाओं के साथ मारपीट कर दी। महिलाओं ने तहरीर दी है।
रजपुरा रोड गंगापुरम कॉलोनी में दो माह पहले शराब के ठेके का निर्माण कराया गया था। करीब एक सप्ताह पूर्व महिलाओं ने ठेके में तोड़फोड़ करते हुए शराब के पव्वे फेंक दिए थे। महिलाओं का आरोप है ठेके पर फिर से शराब बेची जा रही है। शुक्रवार को महिलाएं ठेके के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं। आरोप है कि ठेका संचालक ने अपने पुत्र और पत्नी के साथ मिलकर महिलाओं से मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची रजपुरा चौकी पुलिस आरोपियों को थाने ले गई। इस बीच दर्जनों महिलाएं थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। मारपीट में एक महिला के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस ने शराब बिक्री न होने देने का आश्वासन दिया है।