नहटौर। राशन सामग्री लेने को लेकर महिला उपभोक्ता और राशन डीलर के बीच विवाद हो गया। आरोप हैं कि महिला उपभोक्ता के पुत्रों ने दुकान पर पहुंचकर मारपीट करते हुए ई-पीओएस मशीन तोड़ डाली। राशन डीलरों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। महिला उपभोक्ता ने षड्यंत्र रचने का आरोप और जहर की शीशी लेकर थाने पहुंच गई।
मोहल्ला पंचायती मंदिर निवासी विधवा सविता देवी राशन डीलर परवीन सिंह की दुकान पर राशन सामग्री लेने गई थी। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने पर विवाद हो गया। इसी बीच महिला के पुत्र भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उसके पुत्रों ने राशन डीलर को पीटा और ई-पीओएस मशीन तोड़ डाली। घटना के विरोध में दर्जनों डीलरों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इसके कुछ देर बाद ही महिला भी अपने पुत्र के साथ तहरीर देने थाने पहुंच गई। पुलिस ने उसके पुत्र को हवालात में बंद कर दिया। इस पर महिला ने हंगामा कर दिया और आरोप लगाया कि राशन डीलर ई-पीओएस मशीन का प्रयोग करने से बच रहा हैं। उसी के तहत उसने षड्यंत्र रचा है।
यूपी पुलिस
इसके बाद महिला एक दुकान से सल्फास की शीशी लेकर थाने के गेट पर पहुंच गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। दुकानदार ने मौके पर पहुंचकर महिला के हाथ से जहर की शीशी छीनी। उधर, राशन डीलर के साथ मारपीट की सूचना पर जिले के राशन डीलरों ने हड़ताल कर दी। सभी राशन डीलर नहटौर में एकत्रित हो गए। डीएसओ मनीष कुमार ने कहा कि निष्पक्ष जांच की जाएगी, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
राशन डीलर की दुकान पर छापा
स्योहारा। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी महेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने गांव पाइंदापुर के राशन डीलर घनश्याम के यहां करीब साढ़े 11 बजे छापा मारा। महेश गौतम ने बताया कि जांच में 164 क्विंटल राशन रजिस्टर में दर्ज पाया गया। लेकिन भौतिक सत्यापन में राशन गायब मिला। पूछताछ में डीलर घनश्याम ने बताया कि उसने सारा राशन स्योहारा निवासी शमशाद पल्लेदार को बेच दिया है। टीम ने राशन डीलर की निशानदेही पर शमशाद को पकड़ा। शमशाद ने बताया कि उसने खाद्यान्न स्योहारा के ही एहसान को बेचा। एहसान से पूछताछ कर उसके रिलायंस पेट्रोल पंप के पास गोदाम पर छापा मारा गया, जहां पर लगभग 100 क्विंटल सरकारी खाद्यान पाया गया। महेश गौतम ने बताया कि घनश्याम, शमशाद और एहसान तीनों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। कहा कि राशन की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/