मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी निवासी दीपक सैनी से महिला साइबर ठग ने पहले फेसबुक पर दोस्ती की। उसके बाद अपने जाल में फंसाकर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का लालच दिया। महिला ने पीड़ित से 8.38 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर थाने प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिठानी के दिल्ली रोड निवासी दीपक सैनी ने साइबर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि जनवरी उसके उसकी फेसबुक आईडी पर सीमा गुप्ता नाम की महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। दोनों में बातचीत शुरू हो गई थी। इसके बाद महिला ने युवक का व्हाट्सएप नंबर ले लिया था। दोस्ती के 15 दिन बाद महिला ने ट्रस्टकॉइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश का सुझाव दिया था। महिला ने ऑनलाइन 80 प्रतिशत तक मुनाफा होने का झांसा दिया था। 23 जनवरी को युवक ने पहली बार महिला के कहने पर 10 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उसे कुछ लाभ दिखाकर भरोसा दिलाया गया। इसके बाद 20 हजार रुपये और लगवाए गए, जिससे खाते में रकम बढ़ती दिखाई गई।
आरोप है कि बाद में महिला ने अपने वरिष्ठ अधिकारी से बात कराते हुए 50 हजार रुपये और निवेश कराने को कहा। साथ ही बताया गया कि पांच ट्रेड पूरे करने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा। लेकिन उससे पहले 30 प्रतिशत कमीशन जमा करना होगा। ठगों ने युवक के खाते में करीब 78 लाख रुपये का फर्जी प्रॉफिट दिखाकर उसे और फंसाया। झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी पर 8.38 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी जब और पैसे की मांग की गई तो उसे ठगी का एहसास हुआ। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दो टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द साइबर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।