संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बपारसी गांव में तनाव के बीच पुलिस सुरक्षा के साथ युवती की शादी संपन्न हुई। शादी के शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। दुल्हन के परिवार ने गांव के ही एक पक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बपारसी निवासी जगमोहन ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी पुत्री की शादी है। बीती मंगलवार की रात गांव में झगड़ा हुआ, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने हथियार लहराए और फायरिंग की। जगमोहन पक्ष ने विरोध किया। अगले दिन पंचायत हुई लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। जगमोहन पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने शादी समारोह में परेशानी खड़ी करने की धमकी दी थी।
पीड़ित पक्ष ने थाने में नामजद तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। तनाव देखते हुए रात में ही गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं बृहस्पतिवार दोपहर बरात का आगमन हुआ और पुलिस सुरक्षा के बीच शादी समारोह विधिवत रूप से संपन्न हुआ। घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर रही है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने कहा कि गांव में पुलिस बल तैनात है। यदि किसी ने शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।