हस्तिनापुर। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते करीब तीन सप्ताह बाद एक बार फिर गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले करीब तीन सप्ताह से गंगा का जलस्तर 50 हजार क्यूसेक के आसपास बना हुआ था, जिससे खादर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा नहीं था। अब जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
बुधवार शाम 4:00 बजे बिजनौर बैराज से गंगा में 1.05 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। अचानक बढ़े जलप्रवाह के बाद खादर क्षेत्र के ग्रामीण गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा और बैराज से पानी का डिस्चार्ज और बढ़ा तो गंगा किनारे बसे गांवों में परेशानी बढ़ सकती है। ग्रामीण संजय, उमेश, कपिल, मनोज आदि का कहना है कि इस समय खेतों और ग्रामीण रास्तों पर बारिश का पानी पूरी तरह भरा हुआ है। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने पर खादर क्षेत्र में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग भी गंगा के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर नजर रखे हुए हैं।