हस्तिनापुर। पिछले कई दिनों से बेहद कम जलस्तर पर बह रही गंगा में मानसून की बारिश के बाद अचानक पानी बढ़ गया है। करीब आठ घंटे तक हुई लगातार बारिश के चलते गंगा का डिस्चार्ज सीजन में पहली बार लगभग 10 हजार क्यूसेक पर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
पिछले लंबे समय से गंगा में करीब दो हजार क्यूसेक पानी चल रहा था। दो दिनों से क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के बाद गंगा में पानी की आवक बढ़ गई। इससे नदी के बहाव में भी तेजी देखी गई। सीजन की शुरुआत में जलस्तर में आई इस बढ़ोतरी को स्थानीय लोग मानसून के प्रभाव के रूप में देख रहे हैं। बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता घनश्याम दास ने बताया कि बृहस्पतिवार को गंगा का डिस्चार्ज करीब 10 हजार क्यूसेक दर्ज किया गया है। फिलहाल गंगा सामान्य स्थिति में बह रही है।