फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: ससुर ने बहू पर किया जानलेवा हमला, फरसा लेकर थाने पहुंचा, बोला-मैंने मार डाला

विज्ञापन
बेटे की पत्नी पर हमला करने का आरोपी थाना नौचंदी पहुंचा......संवाद i
विज्ञापन
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर 13 में सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी इकबाल हसन ने मंगलवार दोपहर पुत्रवधू राहत उर्फ हिना (26) पर जानलेवा हमला किया। उसने फरसे से पुत्रवधू के गर्दन और सिर पर कई प्रहार किए। आरोपी उसे मरा समझकर हाथ में खून से सना फरसा लेकर नौचंदी थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने कहा-मैंने अपनी बहू को फरसे से काटकर मार डाला है, मुझे गिरफ्तार कर लो। घायल हिना को गंभीर अवस्था में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पुत्रवधू पर शक के कारण ससुर ने यह वारदात की है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, शास्त्रीनगर सेक्टर 13 निवासी इकबाल हसन करीब 12 साल पहले सेना से रिटायर्ड हुआ था। उसके बड़े बेटे महताब मलिक की शादी पांच साल पहले मेडिकल थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी राहत उर्फ हिना से हुई थी। उनके करीब डेढ़ साल का बेटा कबीर है। बड़ा बेटा और बहू बच्चा पार्क के पास स्टार सिटी कॉम्पलेक्स में कोचिंग सेंटर चलाते हैं। इकबाल का छोटा बेटा आफताब मेडिकल लाइन से जुड़ा है। बेटी नईमा एक बैंक में मैनेजर है। मंगलवार को दोनों बेटे एक रिश्तेदारी में मौत होने पर वहां गए थे। घर पर इकबाल, हिना, नईमा और मासूम कबीर था।
कंबल में छिपाकर लाया फरसा
दोपहर में नईमा और हिना छत पर खाना खा रही थीं। तभी ससुर इकबाल वहां आया और कंबल में छिपाकर लाए फरसे से हिना पर हमला कर दिया। हिना ने बचाव किया तो उसका हाथ भी जख्मी हो गया। हिना लहूलुहान होकर गिर गई। यह दृश्य देखकर नईमा मदद के लिए चिल्लाती हुई मकान के बाहर की ओर भागी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

दो अस्पतालों के बाद मेडिकल लेकर पहुंचे
पड़ोस में फैक्टरी चलाने वाले फैक्टरी मालिक के साथ कार में हिना को लेकर लोग हयात अस्पताल पहुंचे। यहां पर डाक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए उपचार से इंकार कर दिया। इसके बाद दूसरे अस्पताल गए, वहां भी डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। वहां से बाद में परिजनों ने उसे आनंद अस्पताल में भर्ती कराया।

बाइक पर सवार होकर पहुंचा नौचंदी थाने
इकबाल हसन पुत्रवधू पर जानलेवा हमले के बाद घर से निकला और बाइक सवार होकर नौचंदी थाने पहुंच गया। खून से सने कपड़ों और हाथ में खून से सना फरसा लेकर इकबाल हसन ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। वह थाने जाकर बोला, मैने अपनी बहू को काटकर मार दिया है। उसकी बात सुनकर पुलिस कर्मियों के भी होश उड़ गए। इंस्पेक्टर नौचंदी इलम सिंह ने आला अफसरों को इसकी जानकारी दी और घटनास्थल पर पहुंचे। घर में चारों तरफ खून बिखरा था। घायल हिना को परिजन व पड़ोसी मेडिकल कॉलेज लेकर चले गए थे।
पहले घर फिर मेडिकल पहुंची पुलिस
पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर हिना की हाल जाना और परिजनों से घटना की जानकारी ली। महताब मलिक और आफताब भी अस्पताल पहुंच गए। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उसने हमलावर ससुर इकबाल हसन से भी पूछताछ की। उधर, हिना के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए।

हत्या की कोशिश का केस दर्ज
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि बेटे महताब और मायके वालों की ओर से संयुक्त तहरीर पर आरोपी इकबाल हसन के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले का कारण पारिवारिक कलह बताया गया है। आरोपी को अपनी पुत्रवधू हिना पर शक था। इसी वजह से आरोपी ने उसकी जान लेने की कोशिश की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें