मेरठ के शोभापुर गांव में आबादी के बीचोबीच एचटी लाइन खींचने पहुंचे जेई व एसडीओ को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को छुड़ाया। ग्रामीणों ने कहा कि यहां से बिजली की एचटी लाइन नहीं गुजरने देंगे।
नेशनल हाईवे स्थित शोभापुर गांव के बाहरी छोर पर एक कॉलोनी निर्माणाधीन है। यहां पर कुछ परिवार भी रहते हैं। काफी दिनों से बिजली विभाग कॉलोनी से 11 हजार केवी की लाइन निकालने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। यहां डूडा ने गरीबों को मकान भी बांटे हैं। अगर बिजली लाइन यहां से गुजारी गई तो ये लोग प्रभावित होंगे।
बता दें कि गुरुवार को एसडीओ संजीव राणा व जेई सोनू कुमार टीम के साथ पहुंचे। टीम ने लाइन के लिए नाप जोख शुरू की तो मौके पर कई ग्रामीण पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीओ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने एसडीओ व जेई को बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर एसडीओ व जेई को बंधनमुक्त कराया। एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि लाइन यहां से नहीं पास कराई जाएगी।
एसडीओ संजीव कुमार राणा का कहना है कि गांव में 11 हजार केवी की लाइन प्रस्तावित है। नियमानुसार ही लाइन बनवाई जा रही है, लेकिन ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उच्चाधिकारियों को सूचना देकर काम रोक दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/