संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। गांव रोहटा में हुए जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार में नाराजगी है। घटना के दस दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में उपचाराधीन है।
पीड़ित आरिफ पुत्र शौकत ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि छह जून की रात उसके भाई साजिद के घर में घुसकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि समीर, उमेर, अंशा और एक अज्ञात व्यक्ति ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी महसर को भी चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार घटना के संबंध में सात जून को थाना रोहटा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिवार का कहना है कि घायल साजिद की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बना रहा है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों का उल्लेख होने के बावजूद एफआईआर में आवश्यक धाराएं नहीं बढ़ाए जाने की शिकायत भी की। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।